ख़बर सुनें
विस्तार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने गुरुवार को कहा कि स्थिति की मांग होने पर देशविरोधी और सांप्रदायिक तत्वों से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश का योगी मॉडल सरकार दक्षिण राज्य में भी लागू होगा। गुरुवार को अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के प्रदर्शन के लिए सौ में से सौ अंक दिए। हालांकि भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के कारण इस मौके पर होने वाला बड़ा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
बोम्मई बोले, यूपी के लिए सीएम योगी ही सही
बोम्मई ने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थिति के लिए योगी आदित्यनाथ सही मुख्यमंत्री हैं। इसी तरह कर्नाटक में स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग तरीके हैं और उन सभी का इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर स्थिति की मांग हो तो कर्नाटक में भी योगी मॉडल लागू होगा। वह भाजपा और संघ परिवार समर्थकों के एक वर्ग की मांगों पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे। इन्होंने राज्य सरकार पर हिंदू कार्यकर्ताओं के जीवन की रक्षा के लिए खड़े नहीं होने का आरोप लगाते हुए योगी मॉडल का आह्वान किया है।
उनके अनुसार, योगी मॉडल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए मजबूत उपायों को दर्शाता है, जिसमें शरारती तत्वों और माफिया के खिलाफ बुलडोजर का उपयोग शामिल है। दक्षिण कन्नड़ जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मद्देनजर बोम्मई ने अपनी सरकार के एक वर्ष और भाजपा के तीन साल के कार्यकाल के लिए आज आयोजित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया था, जिसमें ‘जनोत्सव’ शामिल था। इस मौके पर डोड्डाबल्लापुर में एक मेगा रैली होने वाली थी जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को शिरकत करनी थी।
जिला भाजपा युवा मोर्चा समिति के सदस्य प्रवीण नेत्तार की मंगलवार की रात तटीय जिले के बेल्लारे में उनकी ब्रायलर की दुकान के सामने बाइक सवार तीन लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। सीएम बोम्मई ने कहा कि जांच जारी है और पांच टीमों का गठन किया गया है और टीमों को केरल भेजा गया है। हमें विश्वास है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और दंडित किया जाएगा जैसा कि इस साल की शुरुआत में शिवमोगा में हर्ष हत्याकांड में हुआ था।
उन्होंने कहा, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कोई समझौता नहीं होगा। हमने राष्ट्र-विरोधी और सांप्रदायिक ताकतों के संगठित अपराध के खिलाफ युद्ध की घोषणा की है। बोम्मई ने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने और इसे बिगाड़ने वाली ताकतों को खत्म करने के संबंध में सरकार के सामने कुछ चुनौतियां हैं, यह चुनौती देश भर के राज्यों में मौजूद है और इस तरह की ताकतों ने पिछले 10 वर्षों में कर्नाटक में अपना सिर उठाया है।
प्रवीण की हत्या में दो गिरफ्तार
कर्नाटक पुलिस ने गुरुवार को भाजपा युवा विंग के नेता प्रवीण नेत्तार की हत्या के मामले में दक्षिण कन्नड़ जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दक्षिण कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश भगवान सोनवणे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हावेरी जिले के सावनूर निवासी जाकिर (29) और बेल्लारे के मोहम्मद शफीक (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि नेत्तार की हत्या की साजिश के पीछे दोनों आरोपी कथित रूप से शामिल हैं। इससे पहले जिले के सुलिया तालुक में पत्रकारों को संबोधित करते हुए एडीजीपी (कानून व्यवस्था) आलोक कुमार ने कहा कि सभी कोणों से मामले की जांच चल रही है।