ओटीटी क्वीन का तमगा पा चुकीं अभिनेत्री तापसी पन्नू को लेकर फिल्म ‘मनमर्जियां’ निर्देशित कर चुके अनुराग कश्यप अब उनके साथ फिल्म ‘दो बारा’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म को टीवी क्वीन एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है और बुधवार को मुंबई में इस फिल्म का ट्रेलर लांच हुआ तो कार्यक्रम में फिल्म की हीरोइन तापसी पन्नू ही नहीं आई। बताया गया कि वह शाहरुख खान के साथ अपनी अगली फिल्म ‘डंकी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। यहां अनुराग फिर से अपने असली अवतार में आने की कोशिश करते दिखे। अरसे बाद अनुराग कश्यप उसी मोड में दिखे, जिसमें वह कॉरपोरेट घरानों के फेवरेट डायरेक्टर बनने के पहले हुआ करते थे। उन्होंने साफ कहा कि अगर अंग्रेजी बोलने वाले हिंदी फिल्में बनाएंगे तो फिल्मों का हश्र वही होगा, जो इन दिनों हो रहा है।
‘दो बारा’ के रीमेक फिल्म होने से इनकार
अनुराग की फिल्म ‘दो बारा’ को लेकर आरोप लगता रहा है कि ये विदेशी फिल्म ‘मिराज’ की रीमेक है तो अनुराग कश्यप ने अपनी बात यहीं से शुरू की। वह बोले, ‘मैं रीमेक फिल्म बनाने में यकीन नहीं करता है। मैं ओरिजलन कहानी पर ही फिल्में बनाना पसंद करता हूं। अभी फिल्मों का माहौल बहुत कंफ्यूजन भरा है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि अभी क्या चल रहा है। लेकिन ये बात साफ कि मेरी फिल्म ‘दो बारा’ किसी फिल्म की रीमेक नहीं हैं, हां, आप इसे प्रेरित फिल्म जरूर कह सकते हैं।’
अंग्रेजीदां बना रहे हिंदी फिल्में
इन दिनों जिस तरह से बॉलीवुड में हिंदी फिल्में एक एक करके बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ती नजर आ रही है और साउथ की फिल्में यहां चल रही है। इस मुद्दे पर अनुराग कश्यप कहते है, ‘हम जमीन से जुड़ी फिल्में नहीं बना रहे है। साउथ वाले जो भी फिल्में बनाते है, वो जमीन से जुड़ी फिल्में होती है। हमारे यहां अंग्रेजी बोलने वाले अगर हिंदी फिल्में बनाएंगे तो यही होगा। हम जमीन से जुड़ी फिल्में बनाना भूल गए हैं। अगर ‘गंगूबाई’ और ‘भूल भुलैया 2′ चली हैं तो इन फिल्मों की सफलता का यही कारण है कि ये फिल्में जमीन से जुड़ी हुई फिल्में थी।’
क्लासिक फिल्म की रीमेक बनाना बेवकूफी
अरसे से चर्चा रही है कि अनुराग कश्यप हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक क्वेंटिन टैरेंटिनो की क्लासिक एक्शन थ्रिलर ‘किल बिल’ के हिंदी रीमेक का डायरेक्शन करने जा रहे हैं और इसमें अमेरिकन अभिनेत्री उमा थर्मन वाला किरदार कृति सेनन निभाएंगी। अनुराग कश्यप ने इस खबर का खंडन करते हुए कहा, ‘जैसा कि मैंने पहले ही कहा कि मैं रीमेक फिल्मे नहीं बनाता। वैसे भी किसी भी क्लासिक फिल्म की रीमेक बनाना बेवकूफी है। कृति के साथ जो फिल्म बना रहा हूं वह रिवेंज एक्शन फिल्म जरूर है,लेकिन ‘किल बिल’ की रीमेक नहीं है।’
हिट फिल्म का फॉर्मूला नहीं
हिंदी सिनेमा में नए प्रयोगों के सवाल पर अनुराग कश्यप ने अपनी सुपरफ्लॉप फिल्म ‘बॉम्बे वेल्वेट’ का उदाहरण देते हुए कहा, ‘मैने भी एक प्रयोग किया था ‘बांबे वेलवेट’ बनाकर, क्या हुआ आप सब को पता है। अब दस फिल्में और बना लूं तो भी उसकी भरपाई नहीं होगी। हिट फिल्म बनाने का कोई फार्मूला होता ही नहीं है। मैं खुद यह सोचकर फिल्म नहीं बनाता कि मेरी फिल्म हिट होगी। मेरा पैशन है अच्छा सिनेमा बनाना, वह मैं बनाता रहूंगा। दर्शक उसे पसंद करते हैं या नहीं करते है यह उनका नजरिया है।’