माया नगरी मुंबई के शुक्रवार शाम बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में एक फिल्म स्टूडियो के सेट पर आग लग गई। जिस जगह आग लगी है वह लव रंजन फिल्म का सेट था। आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की दर्जन भर गाड़ियां घटना स्थल पर रवाना हो गई है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा डीएन नगर मेट्रो के पास हुआ। जिस जगह आग लगी है वहां पर फिल्म का सेट है। सेट को खुले मैदान में बना था, जहां लकड़ी, शेड और प्लास्टिक की मदद से स्टूडियो बनाया गया था।
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के मुताबिक, यह लेवल-2 फायर है। घटना की सूचना शाम चार बजकर 28 मिनट पर मिली थी। निर्देशक लव रंजन की इस बेनाम फिल्म में रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। खबरों की मानें तो सेट पर प्री-लाइटिंग हो रही थी, तभी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले हफ्ते से रणबीर और श्रद्धा सेट पर शूटिंग करने वाले थे।
जिस जगह आग लगी है वहीं बगल में राजश्री फिल्म के दो और सेट्स भी लगे भी थे, जिसमें से एक में आग लगी है, जबकि दूसरे में नहीं लगी है। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों को देख कहा जा सकता है कि आग काफी भीषण है। तस्वीरों में काले धुंए का गुबार साफ नजर आ रहा है। आग से उठा धुंआ दूर-दूर तक नजर आया।
फिल्म की बात करें तो लव रंजन की इस बेनाम फिल्म में श्रद्धा कपूर और रणबीर कपूर पहली बार साथ नजर आने वाले हैं। अभी तक फिल्म के नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन की शूटिंग और इसके सेट की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं। वहीं बीते दिनों सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म रणबीर और श्रद्धा के अलावा एक्टर कार्तिक आर्यन भी नजर आ सकते हैं। खबरों की मानें तो अभिनेता फिल्म में कैमियो करते नजर आएंगे।