11:30 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: उद्घाटन समारोह में LGBTQ+ समुदाय के प्रति असहिष्णुता का विरोध
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता टॉम डेली उद्घाटन समारोह में LGBTQ+ समुदाय के प्रति असहिष्णुता का विरोध करेंगे। ऑस्कर विजेता निर्देशक डस्टिन लांस ब्लैक से विवाहित ब्रिटिश स्वीमर क्वीन्स बैटन रिले में अंतिम वाहक के रूप में समारोह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
टॉम डेली
11:06 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: पीवी सिंधु ने शेयर की तस्वीर
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने उद्घाटन समारोह से पहले एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। इसमें भारत के कई खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। सभी समारोह में तैयार होने के लिए तैयार हो चुके हैं। सिंधु उद्घाटन समारोह में भारत की ध्वजवाहक हैं।
11:06 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: महिला वर्ग में 136 तो पुरुष वर्ग में 134 स्वर्ण दांव पर
इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में कुछ नया होगा। पहली बार ऐसे किसी आयोजनों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं को अधिक स्वर्ण पदक मिलेंगे। इस बार 11 दिन तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं को 136 स्वर्ण पदक, जबकि पुरुषों को 134 स्वर्ण पदक मिलेंगे। मिश्रित स्पर्धाओं में कुल 10 स्वर्ण पदक दांव पर लगे होंगे।
इस तरह की कई खेल वाली प्रतियोगिता में पहली बार ऐसा होगा कि महिलाओं को पुरुषों की तुलना में अधिक स्वर्ण पदक हासिल करने का मौका मिलेगा। इस बार राष्ट्रमंडल खेलों का आकर्षण महिला क्रिकेट भी होगा, जिसे पहली बार इन खेलों में शामिल किया गया है। क्रिकेट में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारत भी दावेदारों में शामिल है। भारतीय टीम पिछले टी-20 विश्व कप में उपविजेता रही थी।
10:37 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: पीएम मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के लिए किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया, ”बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत पर भारतीय दल को शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि हमारे एथलीट अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे और अपने शानदार खेल प्रदर्शन से भारत के लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे।”
10:32 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: पहली बार क्रिकेट खेलों में शामिल
यह खेल आठ अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में 283 अलग-अलग मेडल इवेंट शामिल हैं। इस साल 72 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन खेलों के लिए लगभग 6,500 एथलीट और सपोर्ट स्टाफ बर्मिंघम पहुंचे हैं। राष्ट्रमंडल खेल में पहली बार महिला टी-20 किक्रेट को शामिल किया गया है।
10:05 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: फ्री में कैसे देख पाएंगे राष्ट्रमंडल खेल
क्या दूरदर्शन पर भी होगा खेलों का प्रसारण?
जी हां, सोनी नेटवर्क के अलावा दूरदर्शन पर इन खेलों को देखा जा सकता है। हालांकि, सोनी की तरह यहां सारे मुकाबलों का प्रसारण नहीं होगा। दूरदर्शन सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के मैचों का प्रसारण करेगा।
फ्री में ऑनलाइन कैसे देख सकते हैं?
जियो टीवी पर आप फ्री में ऑनलाइन इन खेलों को देख सकते हैं। वहां आपको सोनी के सारे चैनल मिल जाएंगे।
09:40 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: कहां देख पाएंगे उद्घाटन समारोह
कब होगा उद्घाटन समारोह ?
उद्घाटन समारोह भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे शुरू होगा। भारत में राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण का अधिकार सोनी पिक्चर्स नेटवर्क के पास है। आप सोनी टेन 1, सोनी टेन 2, सोनी टेन 3, सोनी सिक्स और सोनी टेन 4 पर उद्घाटन समारोह के साथ-साथ आने वाले दिनों में सभी मुकाबलों को देख सकते हैं। सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर भी इसका प्रसारण होगा।
09:25 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: बर्मिंघम में ‘भिंडी मसाला’ से खुश हुए भारतीय एथलीट
भारतीय एथलीट बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान खेल गांव की किचन में ‘भिंडी मसाला’ की सब्जी देखकर हैरान हो गए और उन्हें भले ही तीन अलग अलग खेल गांव में रखा गया हो लेकिन वे ‘घर जैसा महसूस’ कर रहे हैं। खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को भले ही बर्मिंघम में तीन अलग अलग खेल गांव में रखा गया हो लेकिन जिमनास्टिक कोच अशोक मिश्रा का कहना है कि यहां ‘घर जैसा महसूस’ हो रहा है। मिश्रा ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह ऐसा महसूस हो रहा है जैसे हम भारत में हैं। भारतीय मूल के कई लोग यहां सुरक्षा अधिकारी, स्वयंसेवक और खानसामा के तौर पर काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दिन खानसामा ने हमारे लिये भिंडी मसाला बनाकर हमें हैरान कर दिया और हमारे खिलाड़ियों ने इसका लुत्फ उठाया। हम घर जैसा महसूस कर रहे हैं।’’
09:08 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: भारत सिर्फ चार बार खेलों का हिस्सा नहीं बना
इंग्लैंड तीसरी बार इन खेलों की मेजबानी कर रहा है। बर्मिंघम से पहले 1934 में लंदन और 2002 में मैनचेस्टर में राष्ट्रमंडल खेल हो चुके हैं। भारत 18वीं बार इन खेलों में उतरा है। उसने 1930, 1950, 1962 और 1986 में हिस्सा नहीं लिया था। इस बार भारत को बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, पहलवान रवि दहिया, बजरंग पूनिया, मुक्केबाज लवलीन बोर्गोहेन, निकहत जरीन और वेटलिफ्टर मीराबाई चानू सहित कई एथलीटों से स्वर्ण पदक की उम्मीद है।
08:56 PM, 28-Jul-2022
CWG 2022 Opening Ceremony Live: थोड़ी देर में उद्घाटन समारोह, पीएम मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। 22वें राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन समारोह अब से कुछ देर में बर्मिंघम में शुरू होगा। इसमें 72 देशों के 5000 से अधिक एथलीट 20 विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पदक के लिए उतरेंगे। बर्मिंघम पहली बार इसकी मेजबानी कर रहा है। भारत 18वीं बार इन खेलों में उतरा है। उसने 1930, 1950, 1962 और 1986 में हिस्सा नहीं लिया था।